पेट्रोल पंप मिल गया, जमीन 'हवा' हो गई!हरदोई में जिला पंचायत अध्यक्ष के बेटे से 29 लाख की 'पावरफुल' ठगी
हरदोई: कहते हैं राजनीति में अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाते हैं, लेकिन यहाँ तो सत्ताधारी दल की जिला पंचायत अध्यक्ष के घर में ही 'सेंध' लग गई! मामला दिलचस्प भी है और हैरान करने वाला भी। हरदोई की भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती वर्मा के बेटे डॉ. नीरज वर्मा के साथ लाखों की धोखाधड़ी का ऐसा खेल हुआ है कि पूरे जिले के सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है।पूरा मामला एक पेट्रोल पंप से जुड़ा है। डॉ. नीरज वर्मा ने लखनऊ के एक 'उस्ताद' बाप-बेटे (कमलेश प्रसाद और उनके पुत्र) पर भरोसा कर परगना गोपामऊ के लोधी गांव में जमीन का सौदा किया। सौदा तय हुआ 45 लाख रुपये में। मजेदार बात यह है कि जिस जमीन पर आज डॉ. साहब का पेट्रोल पंप धड़ल्ले से चल रहा है, कागजों में उस जमीन के मालिक आज भी वो कथित 'ठग' ही बने बैठे हैं।डॉ. नीरज ने बताया कि उन्होंने नवंबर 2020 से मार्च 2021 के बीच एक-दो नहीं बल्कि पूरे 29 लाख रुपये RTGS और NEFT के जरिए आरोपियों के खाते में डाल दिए। उन्हें लगा कि पैसा पहुँचते ही रजिस्ट्री हाथ में होगी, लेकिन यहाँ तो 'तारीख पर तारीख' वाला खेल शुरू हो गया।हैरानी की बात देखिए, आरोपियों ने शातिर चाल चलते हुए पेट्रोल पंप का लाइसेंस तो डॉ. नीरज के नाम करवा दिया, जिससे उन्हें भरोसा हो जाए, लेकिन जब बात जमीन का बैनामा (रजिस्ट्री) करने की आई, तो आरोपी 'मिस्टर इंडिया' बन गए। नोटिस भेजा गया तो उसे रद्दी समझकर टाल दिया गया।आखिरकार, हार मानकर डॉ. नीरज वर्मा ने शहर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है। शहर कोतवाल संजय का कहना है कि मुकदमा दर्ज हो चुका है और अब बैंक ट्रांजैक्शन से लेकर जमीन के कागजों तक की 'सर्जरी' की जाएगी।अब देखना यह है कि सत्ता की धमक के बीच धोखाधड़ी करने वाले ये 'बाप-बेटे' पुलिस की गिरफ्त में कब आते हैं या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा!
#Hardoi #HardoiNews #UPNews #BreakingNews #UttarPradesh #FraudCase #BJPNews #HardoiPolice

