हरदोई में मौत का 'हाइड्रा' तांडव: 10 टन के लोहे के नीचे दबकर सुपरवाइजर की दर्दनाक मौत, हादसा होते ही फैक्ट्री से 'रफूचक्कर' हुआ स्टाफ
हरदोई।अतरौली थाना क्षेत्र के छावन गांव के पास आज दोपहर एक ऐसी रूह कंपा देने वाली घटना हुई, जिसने देखने वालों के होश उड़ा दिए। फैक्ट्री में काम के दौरान एक विशालकाय हाइड्रा मशीन अचानक मौत का काल बनकर पलटी और वहां तैनात सुपरवाइजर को संभलने तक का मौका नहीं मिला।बताया जा रहा है कि स्टील बेल्ट कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर तैनात बाराबंकी निवासी शिवम गौतम टाइ रॉड का नंबर बताने के लिए फैक्ट्री के अंदर आए थे। उसी वक्त वहां करीब 200 कुंतल वजनी एक भारी-भरकम पाइपलाइन ब्रिज को हाइड्रा मशीन से उठाया जा रहा था। तभी अचानक संतुलन बिगड़ा और 10 टन वजनी लोहे की मशीन सीधे शिवम के ऊपर जा गिरी।हादसा इतना भीषण था कि शिवम मशीन के नीचे बुरी तरह दब गए। उनके सिर और पैर में आई गंभीर चोटों ने मौके पर ही उनके प्राण पखेरू उड़ा दिए। चीख-पुकार मचते ही मदद के लिए हाथ बढ़ने के बजाय इंसानियत शर्मसार होती दिखी। हादसे के बाद हाइड्रा ड्राइवर और फैक्ट्री का पूरा स्टाफ मौके से ऐसे गायब हुआ जैसे गधे के सिर से सींग!मृतक के पिता जगजीवन गौतम ने नम आंखों से बताया कि शिवम उनका बड़ा बेटा था और पिछले चार महीनों से यहां काम कर रहा था। उन्हें क्या पता था कि जिस फैक्ट्री में बेटा भविष्य बनाने गया है, वहीं उसकी जिंदगी का आखिरी दिन होगा। पिता का आरोप है कि हादसे के बाद किसी ने मदद नहीं की और सब भाग खड़े हुए।घटना की सूचना मिलते ही अतरौली थाना प्रभारी सतीश चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि परिजनों को सूचित कर दिया गया है। हालांकि, अभी तक फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।अब सवाल यह उठता है कि क्या सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर काम कराया जा रहा था? और वह ड्राइवर कौन था जो एक बेगुनाह को मौत के मुंह में छोड़कर फरार हो गया?
#Hardoi #HardoiNews #Accident #BreakingNews #HardoiPolice #LaborSafety #FactoryAccident #UttarPradeshNews #JusticeForShivam

