रात 10 बजे बाद नहीं बजेगा डीजे: मंत्री सुरेश खन्ना मुख्य मार्गों से हटेगा अतिक्रमण, रेड़ी-ठेले जाएंगे वेंडिंग जोन, 3 माह में नर्सिंग होम और बारात घरों में पार्किंग अनिवार्य

0 India100news

 


रात 10 बजे बाद नहीं बजेगा डीजे: मंत्री सुरेश खन्ना


मुख्य मार्गों से हटेगा अतिक्रमण, रेड़ी-ठेले जाएंगे वेंडिंग जोन, 3 माह में नर्सिंग होम और बारात घरों में पार्किंग अनिवार्य


शाहजहांपुर – शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था, अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और ध्वनि प्रदूषण पर अब प्रशासन सख्त मोड में नजर आ रहा है। शनिवार को विकास भवन सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में नगर व्यवस्था सुधारने को लेकर कई कड़े निर्देश जारी किए गए।बैठक में मंत्री ने स्पष्ट कहा कि रात्रि 10 बजे के बाद डीजे बजाने वालों पर पहली और दूसरी बार जुर्माना लगाया जाए, इसके बाद भी नियम न मानने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए।


👉🏻मुख्य मार्गों पर चलेगा अभियान


मंत्री ने नगर निगम को शहर के 5 से 6 प्रमुख मार्ग चिन्हित कर यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। दुकानदारों द्वारा दुकान से बाहर सड़क तक सामान रखने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होगी। वहीं, सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ पहले मुनादी और एनाउंसमेंट कराए जाने के बाद चालान की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।


👉🏻रेड़ी-ठेले वालों को भेजा जाएगा वेंडिंग जोन


बैठक में निर्देश दिए गए कि सड़कों पर रेड़ी-ठेले नहीं लगने दिए जाएं और उन्हें निर्धारित वेंडिंग जोन में भेजा जाए। साथ ही शहर से बाहर जाने वाली रोडवेज बसों का संचालन नए सैटलाइट बस अड्डे से कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि शहर के भीतर जाम की स्थिति कम हो सके।


👉🏻घंटाघर, केरूगंज और बस अड्डे पर बनेगी पार्किंग


मंत्री ने घंटाघर, केरूगंज और बस अड्डे पर वाहन पार्किंग व्यवस्था विकसित करने और वहां सूचना होर्डिंग लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले रोड शो और जागरूकता अभियान चलाकर जनता को नियमों के प्रति जागरूक किया जाए।


👉🏻3 महीने में पार्किंग व्यवस्था अनिवार्य


जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सीओ सिटी और सिटी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि शहर के नर्सिंग होम और बारात घर संचालकों के साथ बैठक कर तीन माह के भीतर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। तब तक वाहन व्यवस्थित खड़े कराने के लिए एक व्यक्ति की ड्यूटी लगाना अनिवार्य किया जाए।डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में तय सभी बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई शुरू हो और अगले 15 दिनों में उसका असर भी दिखाई देना चाहिए।बैठक में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।


Suresh Kumar Khanna 

DM Shahjahanpur

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.