वर्दी की 'डिस्काउंट स्कीम' फेल, तो सीधे सीज हुआ ट्रैक्टर।#कौशाम्बी में 'साहब' की वसूली और बोल-वचन पर उठे सवाल
कौशाम्बी के #सराय अकिल थाना क्षेत्र में इन दिनों खाकी का एक अलग ही 'अर्थशास्त्र' चर्चा में है। आरोप है कि यहां तैनात दरोगा जी कानून का पाठ पढ़ाने के साथ-साथ 'फीस' वसूलने में भी काफी दिलचस्पी रखते हैं। ताजा मामला एक ट्रैक्टर और उसके चालक से जुड़ा है, जहां कथित तौर पर 'लेन-देन' का गणित बिगड़ते ही कानून का डंडा चल गया।
पीड़ित पक्ष की मानें तो दरोगा विकास मिश्रा ने कुछ दिन पहले गुड्डू कुशवाहा के सामने 50 हजार रुपये की 'डिमांड' रखी थी। जब यह भारी-भरकम 'ऑफर' परवान नहीं चढ़ा, तो शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे दरोगा जी ने फिल्मी अंदाज में ट्रैक्टर को ओवरटेक कर रुकवाया और रेट घटाकर सीधे 5 हजार रुपये पर 'महासेल' लगा दी।
लेकिन पीड़ित पक्ष ने इस 'डिस्काउंट' का लाभ उठाने से भी इनकार कर दिया। बस फिर क्या था, साहब का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया और ट्रैक्टर को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। आरोप यह भी है कि गुस्से में दरोगा जी मर्यादा की लक्ष्मण रेखा भी लांघ गए और ट्रैक्टर चालक रिंकू पासी को जातिसूचक शब्दों से नवाजते हुए जमकर अभद्रता की।
फिलहाल, पीड़ित पक्ष ने पुलिस के आला अधिकारियों के दरबार में गुहार लगाकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। अब इलाके में चर्चा गर्म है कि वर्दी की आड़ में कथित वसूली और बदजुबानी का यह 'खेल' अगर जांच में सही पाया जाता है, तो विभाग अपने इस 'होनहार' दरोगा पर कार्रवाई का चाबुक कब चलाएगा—या फिर जांच की फाइल भी किसी कोने में धूल फांकती रहेगी?
