परिषदीय स्कूलों में रील बनाने और अनावश्यक मोबाइल इस्तेमाल पर रोक, बीएसए ने जारी किए निर्देश

India100news
0

 परिषदीय स्कूलों में रील बनाने और अनावश्यक मोबाइल इस्तेमाल पर रोक, बीएसए ने जारी किए निर्देश


गोपनीय सूचनाएं साझा करने और राजनीतिक पोस्ट करने पर भी होगी कार्रवाई



शाहजहांपुर। बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों द्वारा सोशल मीडिया के अनावश्यक इस्तेमाल पर सख्ती शुरू कर दी है। अब विद्यालय अवधि में रील बनाने, चैटिंग करने और व्यक्तिगत बातचीत के लिए मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर रोक रहेगी।


बीएसए जय शंकर श्रीवास्तव ने इस संबंध में आदेश जारी कर शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और विभागीय कर्मचारियों को निर्देशों का पालन करने को कहा है।


आदेश के मुताबिक, बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के विभागीय गोपनीय दस्तावेज, कार्मिकों की तैनाती और अन्य सूचनाएं सोशल मीडिया पर साझा नहीं की जा सकेंगी। राजनीतिक दलों और गतिविधियों से संबंधित प्रचार, टिप्पणी और पोस्ट साझा करने पर भी प्रतिबंध रहेगा।


हालांकि, डिजिटल लर्निंग, दीक्षा, रीड अलोंग और प्रेरणा पोर्टल जैसे शैक्षणिक कार्यों के लिए मोबाइल फोन के इस्तेमाल की छूट दी गई है। कक्षा में शिक्षण के दौरान अनावश्यक चैटिंग और व्यक्तिगत बातचीत पर भी रोक रहेगी।


बीएसए ने स्पष्ट किया है कि ये निर्देश शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों पर भी लागू होंगे। आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित शिक्षक या कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।


अब विद्यालयों में मोबाइल का इस्तेमाल शिक्षण कार्य के लिए होगा या सोशल मीडिया गतिविधियों के लिए? विभाग ने इस पर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।


#Shahjahanpur #BasicEducation #BSA #Teachers #UttarPradesh

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)