जहानाबाद: बाजार जाने निकली 14 वर्षीय किशोरी लापता, शादी की नीयत से अपहरण का आरोप
जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले से 14 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है. परिजनों ने एक युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर शादी की नीयत से अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाया है.
पीड़ित परिवार के आवेदन पर नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
प्राप्त आवेदन के अनुसार, किशोरी 20 नवंबर की शाम करीब चार बजे बाजार जाने के लिए घर से निकली थी. देर शाम आठ बजे तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद परिवार के सदस्यों ने आसपास के इलाकों और संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला.
परिजनों की खोजबीन के दौरान कुछ युवकों के नाम सामने आए. किशोरी की मां ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि एक युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर शादी की नीयत से अपने साथ ले गया है. घटना के बाद से परिवार के लोग परेशान हैं और किशोरी की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस से गुहार लगा रहे हैं.
मामले में पुलिस ने 21 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी एक पुलिस अधिकारी को सौंपी है. पुलिस परिजनों के बयान, आवेदन में उल्लेखित तथ्यों और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर छानबीन कर रही है. किशोरी की बरामदगी के लिए भी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं. फिलहाल मामले में पुलिस जांच जारी है.
