जलती चिता पर मीट पकाने का वीडियो वायरल, एक पकड़ा गया, दो फरार** ----अंतिम संस्कार के बाद श्मशान घाट पहुंचा मृतक का बेटा तो सामने आया हैरान करने वाला दृश्य

 **जलती चिता पर मीट पकाने का वीडियो वायरल, एक पकड़ा गया, दो फरार**


----अंतिम संस्कार के बाद श्मशान घाट पहुंचा मृतक का बेटा तो सामने आया हैरान करने वाला दृश्य


----तीन लोगों पर चिता की आग पर मीट पकाने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच



शाहजहाँपुर। पुवायां थाना क्षेत्र के नत्थापुर गांव में रविवार शाम श्मशान घाट पर जलती चिता पर मीट पकाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मृतक के बेटे और रिश्तेदारों ने मौके से एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी बाइक से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस पकड़े गए व्यक्ति को थाने ले गई। मामले में मृतक के बेटे ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। नत्थापुर गांव निवासी छोटेलाल (60) की लंबी बीमारी के बाद शनिवार को मौत हो गई थी। रविवार दोपहर परिजन और रिश्तेदार श्मशान घाट पहुंचे और अंतिम संस्कार किया। मुखाग्नि देने के बाद सभी लोग घर लौट आए। करीब एक घंटे बाद छोटेलाल के बेटे वीरपाल ने चिता को देखने के लिए श्मशान घाट जाने की बात कही। उनके मुताबिक, वह कुछ रिश्तेदारों के साथ वहां पहुंचे थे। उनका कहना था कि यदि चिता से कोई लकड़ी गिर गई हो तो उसे वापस चिता पर रखा जा सके। वीरपाल के मुताबिक, श्मशान घाट पहुंचने पर वहां का दृश्य देखकर वह और उनके रिश्तेदार हैरान रह गए। आरोप है कि तीन लोग जलती चिता की आग पर पतीला रखकर उसमें मीट पका रहे थे। वीरपाल और उनके साथ मौजूद लोगों ने तीनों को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान एक व्यक्ति उनके हाथ लग गया, जबकि दो अन्य बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना वीरपाल ने डायल 112 पर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए व्यक्ति को थाने ले गई। वीरपाल ने शाम करीब छह बजे पुलिस को तहरीर दी। इसमें तीन लोगों पर जलती चिता पर मीट पकाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई है। तहरीर में यह भी कहा गया है कि तीनों लोग देखने में तांत्रिक जैसे लग रहे थे। घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। पुलिस तहरीर के साथ वायरल वीडियो और मौके पर सामने आए तथ्यों की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

और नया पुराने