₹10 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
शाहजहांपुर। थाना जैतीपुर पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ के दौरान ₹10 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी लूट के मुकदमे में वांछित चल रहा था। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी जैतीपुर भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त की रात करीब 11 बजे कांवड़ यात्रा के मद्देनजर गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मरूआझाला पुलिया के पास मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। आरोप है कि रोकने पर एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया, जबकि उसका साथी अंधेरे व झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदन पुत्र ओमप्रकाश, निवासी मोहल्ला अजीजगंज, थाना कोतवाली, शाहजहांपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक चंदन पर ₹10 हजार का इनाम घोषित था और वह थाना जैतीपुर में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित चल रहा था। फरार आरोपी की पहचान शिवम के रूप में बताई गई है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की पैशन प्रो मोटरसाइकिल, वीवो मोबाइल और ₹2,040 नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा 17 जुलाई की रात लखीमपुर खीरी में हुई लूट से संबंधित सफेद धातु की एक जोड़ी पायल और एक मोबाइल फोन भी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
#Shahjahanpur #ShahjahanpurNews #Jaitipur #PoliceEncounter #PoliceAction #WantedCriminal #CrimeNews #UPPolice #LakhimpurKheri #BreakingNews #आपकाअपनाशहर #आपकाअपनाशहरशाहजहांपुर

एक टिप्पणी भेजें