हरदोई से चंडीगढ़ तक सीधी बस सेवा शुरू, 968 रुपये होगा किराया; जानिए पूरा टाइम टेबल
हरदोई जिले के यात्रियों के लिए परिवहन विभाग ने एक नई सीधी बस सेवा शुरू करने की तैयारी की है। हरदोई डिपो से चंडीगढ़ के बीच बस का संचालन किया जाएगा। इस बस के जरिए यात्रियों को हरदोई से शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, हरिद्वार, सहारनपुर और अंबाला होते हुए चंडीगढ़ पहुंचने की सुविधा मिलेगी। हरदोई से चंडीगढ़ तक यात्रा करने वाले यात्रियों को 968 रुपये किराया देना होगा।डिपो प्रभारी वैभव रघुवंशी ने बताया कि यात्रियों की मांग को देखते हुए इस सेवा को शुरू किया जा रहा है। बस संख्या UP78KT5477 निर्धारित की गई है। बस का कुल परिचालन मार्ग करीब 1674 किलोमीटर का होगा। नई सेवा शुरू होने से हरदोई और आसपास के यात्रियों को चंडीगढ़ के लिए सीधे परिवहन की सुविधा मिलेगी।
*हरिद्वार होते हुए बस होगी संचालित*
निर्धारित समय सारणी के अनुसार बस हरदोई से शाम 3 बजे रवाना होगी। इसके बाद संडीला में शाम 4 से 6 बजे के बीच, जबकि हरदोई से आगे शाहजहांपुर में रात 10 से 10:30 बजे, बरेली में रात 12 से 12:30 बजे और मुरादाबाद में रात 2:30 से 2:40 बजे तक ठहराव निर्धारित है। इसके बाद बस सुबह 6:40 से 7 बजे के बीच हरिद्वार, 8:30 से 8:40 बजे सहारनपुर और 10:10 से 10:20 बजे अंबाला कैंट पहुंचेगी। बस का चंडीगढ़ पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर 12 बजे है।वापसी में बस चंडीगढ़ से दोपहर 2 बजे चलेगी। अंबाला कैंट में 3:30 से 3:40 बजे, सहारनपुर में शाम 5:10 से 5:20 बजे, हरिद्वार में 6:50 से 7 बजे, मुरादाबाद में रात 11 से 11:10 बजे, बरेली में रात 1:10 से 1:40 बजे और शाहजहांपुर में 3:40 से 3:50 बजे ठहराव रहेगा। इसके बाद बस सुबह करीब 5:50 से 6 बजे हरदोई पहुंचेगी।
इसके अलावा हरदोई-संडीला-लखनऊ मार्ग पर भी सेवा निर्धारित की गई है। इसमें बस हरदोई से सुबह 6 बजे चलेगी, संडीला में 7 से 7:10 बजे और लखनऊ में 8:30 से 9 बजे पहुंचेगी। वापसी में लखनऊ से 10:30 से 10:40 बजे संडीला होते हुए बस दोपहर 12 बजे हरदोई पहुंचेगी।नई सेवा शुरू होने से हरदोई के यात्रियों को चंडीगढ़ और रास्ते में आने वाले प्रमुख शहरों तक सीधा सफर करने का विकल्प मिलेगा।

एक टिप्पणी भेजें