**अखिलेश यादव से मिले नीरज
मिश्रा, ददरौल विधानसभा के प्रत्याशी पर हुई चर्चा**
शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी के जिला पंचायत सदस्य एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ददरौल विधानसभा से संभावित उम्मीदवार नीरज मिश्रा ने छह अगस्त को पार्टी कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की। मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नीरज मिश्रा के पुत्र वीर मिश्रा द्वारा जंतर-मंतर, दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन में सक्रिय सहभागिता पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी।। नीरज मिश्रा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को भगवान परशुराम की प्रतिमा भेंट कर उनका आभार जताया। अखिलेश यादव ने वर्षों से पार्टी के प्रति नीरज मिश्रा की निष्ठा को देखते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। नीरज मिश्रा ने कहा कि वह पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ लगातार कार्य करते हुए संगठन को मजबूत करने का प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वह हमेशा समाजवादी पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की स्थापना के उद्देश्य और विचारधारा को आगे बढ़ाने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी में सम्मान देने का संकल्प पूरा किया जाएगा। पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों को संगठन से जोड़कर उन्हें उचित सम्मान और प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए कार्य किया जाएगा। नीरज मिश्रा ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के साथ-साथ शाहजहांपुर में संगठन को और मजबूत करते हुए नए क्षेत्रों में पार्टी के विस्तार के लिए पूरी क्षमता से काम किया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने शाहजहांपुर में संगठन की स्थिति, विभिन्न मंडलों और पदाधिकारियों के बारे में भी जानकारी ली। नीरज मिश्रा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को भरोसा दिलाया कि वह जनता से जुड़कर सेवा और संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से चुनाव लड़ने का अवसर मिलने पर वह पूरी निष्ठा से पार्टी का पक्ष मजबूत करेंगे और दलित, पिछड़े समेत सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यों में सफलता के लिए क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद और सहयोग उनके साथ है। इस दौरान नीरज मिश्रा के साथ वीर मिश्रा, धीरज, आशुतोष तिवारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें