राशन विक्रेताओं के लिए कल खुलेगा सौगात का पिटारा***

 ***राशन विक्रेताओं के लिए कल खुलेगा सौगात का पिटारा***


👉बढ़े हुए मार्जिन मनी की मुख्यमंत्री करेंगे घोषणा,जनपद की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में होंगे विशेष कार्यक्रम


शाहजहांपुर। जिले के उचित दर विक्रेताओं के लिए सोमवार का दिन खास होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 17 अगस्त को सुबह 10 से 11 बजे के बीच लखनऊ के लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में उचित दर विक्रेताओं को राज्य के बजट से बढ़े हुए मार्जिन मनी के भुगतान की घोषणा करेंगे। इस घोषणा को लेकर शाहजहांपुर जिले में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 100 से 150 उचित दर विक्रेताओं को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों के विक्रेताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


कटरा में माधव मैरिज लॉन जैतीपुर, जलालाबाद में ब्लू हेवन्स लॉन, निगोही में ब्लॉक सभागार, पुवायां में गांधी भवन सभागार, शाहजहांपुर में विमल सभागार कलेक्ट्रेट तथा ददरौल में ब्लॉक सभागार को कार्यक्रम स्थल बनाया गया है।


कार्यक्रमों के लिए विधानसभा वार नोडल अधिकारियों की तैनाती भी कर दी गई है। संबंधित अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों एवं उचित दर विक्रेताओं को आमंत्रित करने तथा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के सीधे प्रसारण के लिए एलईडी टीवी समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


बढ़े हुए मार्जिन मनी की घोषणा से जिले के सैकड़ों उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री की घोषणा पर राशन विक्रेताओं की निगाहें टिकी हैं।


Post a Comment

और नया पुराने