कासिमपुर में पुलिस पर प्रताड़ना के आरोप के बाद दूसरा वीडियो वायरल, ईंट-पत्थर लेकर धमकाते दिखे लोग

 


कासिमपुर में पुलिस पर प्रताड़ना के आरोप के बाद दूसरा वीडियो वायरल, ईंट-पत्थर लेकर धमकाते दिखे लोग


हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र की गौसगंज चौकी के पुलिसकर्मियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाने वाले एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब इसी मामले से जुड़ा एक और वीडियो सामने आया है। नए वीडियो में कुछ लोग हाथों में ईंट-पत्थर लिए किसी व्यक्ति को गाली-गलौज करते हुए मारने की धमकी देते दिखाई दे रहे हैं।


सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा युवक वही है, जिसने इससे पहले एक वीडियो जारी कर गौसगंज चौकी के पुलिसकर्मियों पर किसी जगदंबा मिश्रा के कहने पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।


मामले में पुलिस का कहना है कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पहले से मुकदमा पंजीकृत है। उसी मुकदमे की विवेचना के सिलसिले में पुलिसकर्मी उसके घर गए थे। पुलिस के मुताबिक, पुलिस की कार्रवाई को प्रताड़ना के रूप में पेश किया जाना सही नहीं है और मामले की जांच विवेचना के आधार पर की जा रही है।


वहीं, दूसरे वीडियो के सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

और नया पुराने