**छुट्टा गोवंशो के झुंड से टकराई स्कूटी, होमगार्ड की मौत**
-ड्यूटी पर जा रहे साथी की भी हालत गंभीर, एक सप्ताह पहले ही मां की हुई थी मौत
शाहजहांपुर। रोजा अड्डे से शाहजहांपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार देर रात छुट्टा गोवंशों का झुंड सड़क पर आ जाने से स्कूटी सवार दो होमगार्ड हादसे का शिकार हो गए। हादसे में एक होमगार्ड की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आइटीआइ) मोड़ के पास हुई। हेतमपुर निवासी होमगार्ड सुशील (42) शुक्रवार रात करीब 11 बजे बल्लिया निवासी साथी राजवीर के साथ स्कूटी से नाइट ड्यूटी के लिए जा रहे थे। आइटीआइ मोड़ के पास अचानक सड़क पर छुट्टा गोवंशों का झुंड आ गया। स्कूटी की गोवंशों से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों होमगार्ड सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने सुशील को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल राजवीर का उपचार चल रहा है।
!!एक सप्ताह पहले मां की मौत, अब बेटे की भी मौत!!
सुशील की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ज्वाला प्रसाद ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले ही लंबी बीमारी के चलते सुशील की मां कमला का निधन हुआ था। परिवार अभी मां के निधन के गम और श्राद्ध कर्म से उबर भी नहीं पाया था कि घर के कमाऊ बेटे की मौत की खबर ने परिवार को झकझोर दिया। सुशील अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। बड़ा बेटा अजय नोएडा में नौकरी करता है, जबकि छोटा बेटा विशाल छात्र है। हादसे की खबर के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। क्षेत्राधिकारी सदर शुभम वर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात छुट्टा पशुओं से टकराने से स्कूटी सवार दो होमगार्ड घायल हुए थे। इनमें सुशील की मौत हो गई। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें