*हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा शाहजहांपुर, निकली भव्य कलश यात्रा**
शाहजहांपुर। खिरनी बाग स्थित रामलीला मैदान में रविवार को श्री शिव महापुराण कथा के 12वें वर्ष का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिवस बाबा विश्वनाथ मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसमें हजारों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और आस्था के साथ सहभागिता की। ढोल-नगाड़ों और भगवान शिव के जयकारों से पूरा शहर शिवमय हो उठा। कलश यात्रा शाम चार बजे बाबा विश्वनाथ मंदिर से शुरू हुई। सदर बाजार सहित शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा लोधीपुर स्थित खन्नौत नदी पहुंची, जहां विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद यात्रा खिरनी बाग स्थित राजकीय क्रीड़ा स्थल रामलीला मैदान पहुंची। मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद श्रीधाम वृंदावन से पधारे कथा व्यास परम पूज्य संत प्रशांत प्रभु जी महाराज काशी-बनारस एवं व्यास पीठ का पूजन जेल अधीक्षक जेपी तिवारी तथा मुख्य यजमान हरि शरण बाजपेई व उनकी पत्नी सीमा बाजपेई ने सपत्नीक किया। इसके बाद विधिवत श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। आयोजकों के अनुसार श्री शिव महापुराण कथा 16 से 24 अगस्त तक प्रतिदिन शाम चार बजे से रात नौ बजे तक चलेगी। प्रथम दिन निकली कलश यात्रा में महिलाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। श्रद्धालुओं के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
@topfans आपका अपना शहर Aapka Apna Shahar

एक टिप्पणी भेजें