खोड़ा। सूर्या हत्याकांड में शामिल 5वें और 25 हजार के इनामी आरोपी शारिक को पुलिस ने बुधवार को इंदिरापुरम अंडरपास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में सूर्या की हत्या की साजिश में शामिल होने और मौके पर मौजूद होने की बात स्वीकार की है। आरोपी मूलरूप से अलीगढ़ के बादशाह नगला स्थित छर्रा गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह खोड़ा के नवनीत विहार स्थित गली नंबर एक में परिवार के साथ रह रहा था।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि नवनीत विहार निवासी 11वीं के छात्र सूर्या चौहान (17) की बकरीद पर के उसके ही दोस्त असद ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। वारदात के समय असद के साथ उसका पिता नवाब और दोस्त फरहान, अतीक और शारिक भी मौजूद थे। मुख्यारोपी असद पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया था। वहीं, नवाब, फरहान और अतीक को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इसके बाद पुलिस 5वें आरोपी शारिक की तलाश में दिल्ली, मेरठ, बुलंदशहर और हापुड़ तक की धूल फांक रही थी। इसके बाद उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बुधवार सुबह आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने असद, फरहान और अतीक के साथ मिलकर उसे चाकू मारने की बात स्वीकार की। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायालय के आदेश से जेल भेज दिया गया है।
#आपका_अपना_शहर

