पिहानी में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट गहराया, ई-रिक्शा चार्जिंग बनी ओवरलोड की बड़ी वजह

0 India100news

 पिहानी में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट गहराया, ई-रिक्शा चार्जिंग बनी ओवरलोड की बड़ी वजह



रात 3 बजे से गुल बिजली, दिन में लू-रात में मच्छर, बच्चों-बुजुर्गों का हाल बेहाल 


पिहानी, हरदोई। 


भीषण गर्मी अपने चरम पर है और इसी बीच बिजली संकट ने नगर वासियों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। दिन में चल रही लू और रात में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों का जीना दूभर हो गया है। 


बीती रात 3:00 बजे से पिहानी में बिजली गायब है।


विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मेन लाइन में फॉल्ट है, जिसे ठीक करने के प्रयास जारी हैं। गर्मियां शुरू होते ही पिहानी की बिजली व्यवस्था हर साल चरमरा जाती है। 


कभी मेन लाइन में फॉल्ट तो कभी लोकल फाल्ट के कारण तय शेड्यूल से आपूर्ति नहीं हो पाती।


ई-रिक्शा चार्जिंग से बढ़ा ओवरलोड 


नगर में लोकल फाल्ट की सबसे बड़ी वजह ई-रिक्शा चार्जिंग बताई जा रही है। पिहानी नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 5000 ई-रिक्शा संचालित हैं। रात में एक साथ हजारों ई-रिक्शा चार्ज होने से ट्रांसफार्मर पर ओवरलोड बढ़ जाता है, जिससे बराबर लोकल फाल्ट होते रहते हैं।


पेयजल से लेकर पढ़ाई तक प्रभावित  


रात भर बिजली कटने से लोग पसीने से तरबतर रहने को मजबूर हैं। पेयजल के लिए हाहाकार मचा है। बच्चों की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है, क्योंकि पंखे, कूलर के साथ-साथ कंप्यूटर और अन्य उपकरण भी बिजली के बिना बेकार हो गए हैं। 


मच्छरों के प्रकोप से बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। बुजुर्गों और बच्चों की तबीयत बिगड़ रही है।


प्रशासन से सख्त कदम की मांग  


स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ने बिजली आपूर्ति बेहतर करने का वादा किया था, लेकिन जमीनी हालात जस के तस हैं। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने माना कि ओवरलोड और ट्रांसफार्मर की दिक्कतों की वजह से समस्या बनी हुई है। 


गर्मी के इस भीषण दौर में बिजली व्यवस्था का लड़खड़ाना आम जनजीवन पर भारी पड़ रहा है। यदि समय रहते आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो पेयजल संकट और स्वास्थ्य समस्याएं और विकराल हो सकती हैं। 


नगर वासियों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से तत्काल प्रभावी कदम उठाकर राहत दिलाने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.