गढ़िया रंगीन में मौत बांट रहे झोलाछाप डॉक्टर और बिना रजिस्ट्रेशन मेडिकल स्टोर,
आखिर किसके संरक्षण में चल रहा यह काला खेल गढ़िया रंगीन में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह फेल हो चुका है
शाहजहांपुर। थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह मजाक बनती दिखाई दे रही है। गांव-गांव और बाजारों में बिना रजिस्ट्रेशन मेडिकल स्टोर और झोलाछाप डॉक्टरों का ऐसा नेटवर्क फैल चुका है, जो खुलेआम लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहा है। हालत यह है कि कहीं दवाइयों की दुकान पर डॉक्टर बैठा है, तो कहीं मेडिकल स्टोर ही मिनी अस्पताल बन चुका है।
बिना डिग्री और बिना लाइसेंस वाले कथित डॉक्टर मरीजों को धड़ल्ले से इंजेक्शन लगा रहे हैं, ग्लूकोज चढ़ा रहे हैं और गंभीर बीमारियों का इलाज करने का दावा कर रहे हैं। गरीब और मजबूर लोग सस्ते इलाज के चक्कर में इन मौत के सौदागरों के जाल में फंस रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर स्वास्थ्य विभाग, ड्रग विभाग और मुख्य चिकित्सा अधिकारी की नजर इन अवैध कारोबारियों पर क्यों नहीं पड़ रही। क्या विभाग किसी बड़े मौतकांड का इंतजार कर रहा है। या फिर कार्रवाई न होने के पीछे कोई गहरी सेटिंग और संरक्षण काम कर रहा है।
क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि कई मेडिकल स्टोर बिना फार्मासिस्ट और बिना लाइसेंस के वर्षों से चल रहे हैं। यहां एक्सपायरी दवाइयों से लेकर प्रतिबंधित दवाओं तक का खेल चल रहा है। मरीज की हालत बिगड़ते ही उसे बड़े अस्पताल रेफर कर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतें कई बार हुईं, लेकिन हर बार कार्रवाई सिर्फ फोटो खिंचवाने और कागजों तक सीमित रह गई। कुछ दिन दुकानें बंद होती हैं, फिर वही लोग नए बोर्ड लगाकर दोबारा कारोबार शुरू कर देते हैं।
अब जनता सीधे सवाल पूछ रही है
क्या गढ़िया रंगीन में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह फेल हो चुका है?
क्या अधिकारियों की चुप्पी किसी सांठगांठ की तरफ इशारा कर रही है।
क्या किसी मासूम की मौत के बाद ही प्रशासन जागेगा?
क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी और शासन से मांग की है कि गढ़िया रंगीन क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर बिना रजिस्ट्रेशन मेडिकल स्टोर, फर्जी अस्पताल और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, वरना आने वाले समय में यह लापरवाही किसी बड़े स्वास्थ्य हादसे का कारण बन सकती है।.... DM Shahjahanpur शाहजहाँपुर पुलिस Shahjahanpur Cdo Yogi Adityanath Office Chief Minister Office Uttar Pradesh Brajesh Pathak

