अस्पताल में डॉक्टर गायब, मरीज परेशान — निरीक्षण में मिली भारी लापरवाही
शाहजहांपुर – मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी ने बुधवार सुबह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में गंभीर लापरवाही सामने आने पर उन्होंने नाराज़गी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। सुबह करीब 8:15 बजे किए गए निरीक्षण में सबसे पहले मरीज पंजीकरण काउंटर पर अत्यधिक भीड़ मिली। सीडीओ ने पाया कि कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित नहीं हो रही है, जिससे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर उन्होंने कर्मचारियों को समय से उपस्थित होकर कार्य करने के निर्देश दिए।
ओपीडी निरीक्षण के दौरान कई विशेषज्ञ चिकित्सक अनुपस्थित मिले। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि चिकित्सक वार्ड राउंड पर हैं, लेकिन जब सीडीओ ने वार्डों का निरीक्षण किया तो भर्ती मरीजों ने बताया कि डॉक्टर वहां भी नहीं पहुंचे थे। इस स्थिति पर सीडीओ ने कड़ी नाराज़गी जताते हुए कहा कि उच्च अधिकारियों को भ्रमित करना अत्यंत निंदनीय है। महिला वार्ड में भी अव्यवस्थाओं का आलम देखने को मिला। कई डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए जबकि मरीज उनका इंतजार करते रहे। सुबह 8:30 बजे तक भर्ती मरीजों को नाश्ता वितरित नहीं किया गया था और वार्ड में गंदगी भी पाई गई।
अस्पताल की रसोई के निरीक्षण में भी सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। दूध में अत्यधिक पानी की मिलावट और मरीजों के लिए बनाए गए दलिये की गुणवत्ता खराब पाई गई। जांच में सामने आया कि दलिया बनाने में दूध की जगह केवल पानी का इस्तेमाल किया गया था। लगातार निरीक्षणों के बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार न होने पर सीडीओ ने अनुपस्थित चिकित्सकों तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल परिसर, वार्डों और रसोईघर की साफ-सफाई तथा मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता सुधारने के आदेश भी जारी किए।
#

