फर्जी पेमेंट ऐप से ठगी करने वाले तीन युवक गिरफ्तार

0 India100news


 फर्जी पेमेंट ऐप से ठगी करने वाले तीन युवक गिरफ्तार


शाहजहांपुर। जनपदीय एसओजी/सर्विलांस सेल और थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने फर्जी पेमेंट ऐप के जरिए दुकानदारों से ठगी करने वाले तीन शातिर युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, चोरी के कपड़े और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।


थाना कोतवाली में मोहल्ला मेहमंदगढ़ी निवासी मो. नवेद खान ने मुकदमा दर्ज कराया था कि 25 मई को उनकी “ब्रांड कलेक्शन” कपड़े की दुकान से तीन युवक 15,450 रुपये के कपड़े खरीदकर फर्जी फोनपे ऐप से भुगतान दिखाकर फरार हो गए थे। आरोपियों ने दुकान से एक थैला भी चोरी कर लिया था।


पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर बरेली-सीतापुर हाईवे स्थित ग्राम मौजमपुर के पास रिलायंस पेट्रोल पंप के निकट तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में अंशुल मिश्रा, राज गुप्ता और आयुष शामिल हैं, जो बरेली के नकटिया क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।


पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने इंटरनेट से फर्जी फोनपे ऐप डाउनलोड किया था। इस ऐप के जरिए भुगतान सफल दिखता था, लेकिन वास्तविक ट्रांजेक्शन नहीं होता था। इसी तरीके से वे दुकानदारों और पेट्रोल पंप संचालकों को धोखा देते थे।


पुलिस ने आरोपियों के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल, एक आईफोन 15 प्लस, चोरी के कपड़े और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.