भीषण गर्मी में जाम बना मुसीबत, शहरभर में जाम में फंसे रहते है लोग
शाहजहांपुर। स्मार्ट सिटी में यातायात व्यवस्था लगातार बदहाल होती जा रही है। मंगलवार को करीब 42 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच शहर के कई प्रमुख मार्गों पर लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों के बीच स्कूली छात्र-छात्राएं, नौकरीपेशा लोग और आमजन घंटों सड़क पर फंसे रहे। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नगर को जाम से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं। डीएम ने यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए थे और कई स्थानों पर यातायात पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन हालात में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा। सुबह करीब दस बजे राजघाट चौकी से गर्रा पुल तक लंबा जाम लगा रहा। करीब आधे घंटे तक वाहन रेंगते रहे और लोग तेज धूप में परेशान होते रहे। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे राजघाट चौकी के पास सड़क पर भैंसों का झुंड निकलने से हालात और बिगड़ गए। पूरी सड़क घिर जाने से बाइक, कार और ई-रिक्शों की लंबी कतार लग गई। लोगों का कहना है कि भैंसों के निकलने का कोई निर्धारित समय नहीं होने से रोजाना इस मार्ग पर जाम की स्थिति बनती है। पहले प्रशासन ने समय तय कराया था, लेकिन अब उसका पालन नहीं हो रहा। दोपहर करीब डेढ़ बजे राजघाट से चारखंभा मार्ग पर भी दोनों ओर से वाहनों के दबाव के चलते जाम की स्थिति बनी रही। स्कूली वैन और ई-रिक्शों में बैठे बच्चे भी गर्मी में परेशान दिखाई दिए। कई लोगों ने लिंक मार्गों का सहारा लेकर किसी तरह रास्ता पार किया। इसी तरह दोपहर करीब दो बजे जेल रोड पर कृष्णानगर के पास भी वाहन जाम में फंसे रहे। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही और लोगों को धीरे-धीरे आगे बढ़ना पड़ा। भीषण गर्मी के बीच जाम ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।
DM Shahjahanpur Nagar Ayukt Shahjahanpur Dharmendra Pratap Singh UP Police शाहजहाँपुर पुलिस

