**शाहजहांपुर में ट्रैफिक सुधार पर सख्त हुए वित्त मंत्री, सड़क पर सामान रखने वालों पर होगी कार्रवाई**
--शहर के नर्सिंग होम और बारात घर संचालक तीन माह के भीतर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करे : डीएम
शाहजहांपुर। शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण को लेकर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि मुख्य मार्गों पर दुकानों के बाहर सामान रखने, सड़क किनारे अवैध वाहन खड़े करने और तय समय के बाद डीजे बजाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। बैठक में मंत्री ने कहा कि रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर पहली और दूसरी बार जुर्माना लगाया जाए। इसके बाद भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने नगर निगम की 5 से 6 प्रमुख सड़कों को चिन्हित कर वहां ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि दुकानदारों द्वारा दुकान की सीमा से बाहर सामान रखने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ चालान से पहले मुनादी कर लोगों को जागरूक किया जाए। घंटाघर, केरूगंज और बस अड्डा क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था बनाने और वहां सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए। मंत्री ने कहा कि कार्रवाई शुरू करने से पहले रोड शो निकालकर लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। बैठक में रेहड़ी और ठेला लगाने वालों को वेंडिंग जोन में भेजने के निर्देश भी दिए गए। वहीं रोडवेज अधिकारियों से कहा गया कि बाहर जाने वाली बसों का संचालन नए सैटलाइट बस अड्डे से कराया जाए ताकि शहर के भीतर जाम की समस्या कम हो सके।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने शहर के नर्सिंग होम और बारात घर संचालकों के साथ बैठक कर तीन माह के भीतर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक स्थायी पार्किंग की व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक वाहनों को व्यवस्थित खड़ा कराने के लिए एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या ग्रुरुरानी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
DM Shahjahanpur Dharmendra Pratap Singh Suresh Kumar Khanna Mithilesh Kumar Katheria शाहजहाँपुर पुलिस UP Police Jitin Prasada Admfr Shahjahanpur Shahjahanpur Cdo Nagar Ayukt Shahjahanpur Dig Range Bareilly

