सोने की खरीद-बिक्री पर नहीं लगेगी रोक, अफवाहों पर ध्यान न दें: डीएम

0 India100news

 


सोने  की खरीद-बिक्री पर नहीं लगेगी रोक, अफवाहों पर ध्यान न दें: डीएम


शाहजहांपुर। सोने के आयात और बिक्री को लेकर बाजार में फैल रही भ्रांतियों को दूर करने के लिए रविवार को बिस्मिल सभागार में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सर्राफा व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों को शासन की मंशा स्पष्ट करते हुए भरोसा दिलाया गया कि शादी-विवाह और अन्य जरूरतों के लिए आभूषणों की खरीद-फरोख्त पहले की तरह जारी रहेगी।


जिलाधिकारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते वैश्विक बाजार प्रभावित हुआ है। कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने से कई वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। भारत सोने के आयात पर काफी हद तक निर्भर है, इसलिए सरकार आयात नियंत्रण की दिशा में कदम उठा रही है।


उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य ज्वेलरी कारोबार को प्रभावित करना नहीं है। मुख्य रूप से गोल्ड बुलियन, सोने के बिस्किट और शत-प्रतिशत खरे सोने के आयात एवं खुली बिक्री को नियंत्रित करने पर विचार किया जा रहा है, ताकि आयात पर निर्भरता कम हो सके।


डीएम ने बताया कि सरकार पुराने सोने के रिसाइकिल और पुनः उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है। रिसाइकिल सोने से आभूषण निर्माण को प्रोत्साहित करने से आयात भार कम करने में मदद मिलेगी और घरेलू बाजार को भी मजबूती मिलेगी।


बैठक में सर्राफा व्यापारियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी रखे। जिलाधिकारी ने व्यापारियों की शंकाओं का समाधान कराने का आश्वासन देते हुए अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शासन की मंशा को सही रूप में आमजन तक पहुंचाएं। ... DM Shahjahanpur शाहजहाँपुर पुलिस Chief Minister Office Uttar Pradesh

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.