वृद्धजनों के अधिकारों पर जागरूकता शिविर आयोजित

0 India100news


 वृद्धजनों के अधिकारों पर जागरूकता शिविर आयोजित


शाहजहांपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को वृद्धाश्रम बनतारा में वृद्धजनों के अधिकार विषय पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अपेक्षा सिंह ने की। शिविर में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों और आमजन को संबोधित करते हुए सचिव ने कहा कि वृद्धजन समाज की धरोहर और मार्गदर्शक हैं। उनका सम्मान, देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना केवल नैतिक दायित्व ही नहीं, बल्कि कानूनी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम-2007 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई संतान या संपत्ति का उत्तराधिकारी वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल नहीं करता या उन्हें प्रताड़ित करता है, तो पीड़ित वृद्धजन भरण-पोषण भत्ते की मांग कर सकते हैं।

उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को संपत्ति संबंधी अधिकारों, बेदखली से संरक्षण तथा संबंधित ट्रिब्यूनल में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। साथ ही कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए भटकने की आवश्यकता नहीं है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उन्हें निःशुल्क और त्वरित कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में विनोबा सेवा आश्रम की सचिव विमला बहन ने सभी का आभार व्यक्त किया। शिविर का संचालन वरिष्ठ लिपिक मोहम्मद अफजल ने किया। इस अवसर पर पीएलवी राकेश राठौर, केयर टेकर अंजलि, वृद्धाश्रम का स्टाफ तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.