*
**** मिर्जापुर में धू-धू कर जले 6 घर: #आग के बीच अचानक दगने लगे बंदूक के कारतूस, मची #भगदड़ *****
#मिर्जापुर की नई बस्ती में छह छप्परदार घरों में आग लगने से भारी नुकसान हुआ। आग के बीच बंदूक के कारतूस दगने से अफरा-तफरी मच गई, जिसमें एक बुजुर्ग महिला झुलस गईं और लाखों का सामान जल गया।
#मिर्जापुर (शाहजहांपुर)। कस्बे से लगभग आधा किमी. दूर मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे किनारे स्थित नई बस्ती में पांच सगे भाइयों समेत छह लोगों के छप्परदार घरों में आग लग गई। आग में भारत सिंह की लाइसेंसी दोनाली बंदूक जल गई। पेटी में रखे दस कारतूसों के एक-एक कर दगने से अफरा-तफरी मच गई।
#दमकल विभाग की टीम ने जब तक आग पर काबू पाया, तब तक नकदी, जेवर सहित घरेलू सामान जल चुका था। रुपयों को निकालने का प्रयास में बुजुर्ग मुन्नी देवी झुलस गईं। नई बस्ती निवासी भारत सिंह खेती करते हैं। उनके बेटे राजीव कुमार, आर्येंद्र सिंह, आदेश कुमार, महावीर, गिरीश के अलग-अलग छप्परदार घर हैं।
पास में ही रामपाल का परिवार झोपड़ी डालकर रहता है। मंगलवार दोपहर गर्मी अधिक होने के कारण होने के कारण सभी लोग घरों से बाहर पेड़ों की छाया में बैठे हुए थे। जबकि बच्चे घर में सो रहे थे। लगभग 12 बजे राजीव कुमार के घर से अचानक ऊंची लपटें उठने लगीं।
जिसे देखकर परिवार व आसपास के लोग घबराकर भागे और बच्चों को बाहर निकाला। इस बीच लपटें तेज हो गईं। भारत सिंह के चार अन्य बेटों व रामपाल के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। सभी लोग आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे तभी घर में रखे कारतूस दगने लगे, जिससे लोग घबराकर दूर भाग गए।
#झोपड़ी में रखे छह हजार रुपये निकालने के प्रयास में रामपाल की बुजुर्ग पत्नी मुन्नी देवी झुलस गईं। भारत ने बताया कि उनके पास 30 वर्ष से अधिक पुरानी लाइसेंसी बंदूक थी। एक पेटी थी ,जिसमें लगभग आठ से दस कारतूस थे। आग में सब जल गए।
#राजीव की बेटी चांदनी की 21 जून को शादी होनी है, जिसके लिए तैयारियां चल रही हैं। उनके घर में रखे 20 हजार रुपये नगद, सोने के झाले, मंगलसूत्र, बेसर व चांदी की पाजेब जल गई।
इसी तरह आर्येंद्र के घर में 15 हजार रुपये व जेवर, आदेश कुमार के 25 हजार रुपये और जेवर, महावीर के दस हजार रुपये नकद, जेवर व रामलाल के छह हजार रुपये, अनाज और घरेलू सामान जल गया। सभी लोग दिल्ली, हरियाणा, पानीपत में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं।
#राजस्व टीम भेजकर सभी पीड़ितों के नुकसान का आकलन कराया जाएगा। उसी के आधार पर मुआवजा दिलवाया जाएगा। - अभिषेक प्रताप सिंह, एसडीएम, कलान
Dainik Jagran

