जमीन पर जबरन कब्जा करने व फसल जोतने का विरोध करने पर डायल 112 के सामने कई राउंड हुई फायरिंग

0 India100news


 जमीन पर जबरन कब्जा करने व फसल जोतने का विरोध करने पर डायल 112 के सामने कई राउंड हुई फायरिंग


एक पक्ष से गोली लगने से चार लोगो घायल, जिला मेडिकल कॉलेज रेफर, सूचना पर घटनास्थल पर खुटार व पुवायां पुलिस, पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ, सीओ ने घटना स्थल पर पहुँचकर की पूछताछ 


खुटार। क्षेत्र के गांव प्रीतमपुर में रहने वाले रामेश्वर, रामौतार, सुरेंद्र कुमार का उनके रिश्तेदार शिवरानी देवी पत्नी श्री कृष्ण से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। जिसका मामला सिविल कोर्ट पुवाया और उच्च न्यायालय इलाहाबाद में विचाराधीन है। करीब 6 माह पहले सिविल कोर्ट पुवाया ने शिवरानी के पक्ष में आदेश करते हुए पुलिस और राजस्व टीम को उक्त भूमि पर कब्जा दिलाने का आदेश दिया था। जिसके बाद करीब तीन माह पहले शिवरानी पक्ष ने उक्त भूमि पर अपना कब्जा करते हुए उसमें उरद की फसल की बुवाई कर दी थी। इसके बाद से दूसरे पक्ष के लोग विवादित खेत में बोई गई उड़द की फसल को जोतने का प्रयास कर रहे थे।आरोप है कि शनिवार को सुरेंद्र और रामौतार खुटार थाने पहुंचे और उन्होंने प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार से बात की और इसके बाद वहां से चले गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि थाने से जाने के बाद विपक्षी रामौतार और सुरेंद्र कुमार करीब 20, 25 लोगों के साथ लाइसेंसी और अवैध असलम एवं ट्रैक्टर लेकर खेत में पहुंच गए और खेत में शिवरानी पक्ष की ओर से बोई गई उरद की फसल को जोतना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी जब शिवरानी पक्ष के लोगों को हुई, तो वह लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने फसल को जोतने का विरोध करते हुए इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दे दी। खबर लगते ही डायल 112 पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान रामौतार और सुरेंद्र कुमार पक्ष से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई। अचानक फायरिंग होते ही मौके पर भगदड़ मच गई। इस दौरान डायल 112 पीआरबी के पुलिसकर्मी भी अपनी जान बचाकर भाग खड़े हुए। अचानक हमलावरो के द्वारा की गई फायरिंग से मौके पर मौजूद शिवरानी पक्ष के 19 वर्षीय पंकज कुमार पुत्र सुरेश चंद्र, इनके भाई 21 वर्षीय शिशुपाल, 25 वर्षीय रवि कुमार पुत्र विक्रम और 55 वर्षीय विक्रम को गोली लगने से घायल हो गए। हमलावरो की गोली से चार लोगों के घायल होने के बाद हमलावर उन सभी को जान से मारने की धमकी देकर भाग खड़े हुए। इसी दौरान डायल 112 पुलिस ने मामले की सूचना थाना पुलिस के साथ ही अधिकारियों को दी। खबर लगते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन इससे पहले डायल 112 पुलिस के सिपाहियों ने घायलों को उठाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। लेकिन हमलावारो ने पुलिस कर्मियों को भी दौड़ा लिया। इसी बीच थाने से पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके से आरोपी रामौतार और सुरेंद्र कुमार को भी पकड़ लिया। पुलिस ने उनके पास से एक बंदूक, तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है। जहां सभी घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर के लिए रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना लगते ही पुवायां कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार रावत, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रवीण मलिक भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने घटना का मौका मुआयना करने के साथ ही पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पीड़ित पक्ष के पिंटू कुमार का आरोप है कि घटना से पहले आरोपी रामोतार और सुरेंद्र कुमार थाने पहुंचे थे और उन्होंने पुलिस से मिलने के बाद ही जमीन पर कब्जे का प्रयास किया। विरोध करने पर उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग की और चार लोगों को गोली मार कर घायल कर दिया। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.