‘ये मेरा इलाका है, इसमें मेरा भी हिस्सा रहेगा’—नशे की बिक्री को लेकर भिड़े दो गुट
हरदोई बाईपास चौराहे पर युवा नेता ने जताई हिस्सेदारी की बात, मारपीट से मची अफरा-तफरी
पुलिस पिकेट और रोजाना चेकिंग के बावजूद खुलेआम नशे की बिक्री की शिकायत, निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
शाहजहांपुर।आरसी मिशन थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की कथित बिक्री को लेकर शुक्रवार को हरदोई बाईपास चौराहे पर दो गुट आमने-सामने आ गए। बिक्री को लेकर हुए विवाद में सत्ता पक्ष से जुड़े एक युवा नेता के शामिल होने की बात सामने आई है। आरोप है कि युवा नेता ने इलाके में नशीले पदार्थों की बिक्री को अपना हल्का बताते हुए ‘मेरी भी हिस्सेदारी रहेगी’ की बात कही। इसी को लेकर दूसरे गुट से कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
बताया जा रहा है कि रौसर कोठी स्थित एक दुकान पर नशीले पदार्थ का कथित स्टॉक रखा जाता है। आरोप है कि वहां से तीन-चार लोग हरदोई बाईपास चौराहे से गर्रा पुल तक घूम-घूमकर नशीले पदार्थ की बिक्री करते हैं। वहीं, हरदोई बाईपास चौराहे पर एक अन्य गुट द्वारा खोखे से नशीले पदार्थ की बिक्री किए जाने की शिकायत भी सामने आई है।
शुक्रवार को दोनों गुट हरदोई बाईपास चौराहे पर आमने-सामने आ गए। बताया जाता है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे की कथित बिक्री बंद कराने का दबाव बना रहे थे। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना से चौराहे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पिकेट के बावजूद कैसे चल रहा कारोबार?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस हरदोई बाईपास चौराहे पर पुलिस की पिकेट ड्यूटी रहती है और शाम के समय नियमित चेकिंग भी होती है, वहां नशीले पदार्थों की कथित बिक्री कैसे जारी है। यदि शिकायतें सही हैं तो पुलिस की निगरानी के बावजूद कारोबार चलने से स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि आरसी मिशन प्रभारी निरीक्षक को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। संबंधित स्थानों पर छापामार कार्रवाई कर नशीला पदार्थ बरामद करने और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फोटो काल्पनिक
शाहजहाँपुर पुलिस UP Police गोविंद अवस्थी खबर शाहजहांपुर खबर शाहजहांपुर अमित सहाना Swapnil Sharma

एक टिप्पणी भेजें