Hardoi: पति ने काटा नाक, तो पत्नी ने भी दांतों से संवेदनशील अंग पर किया वार. ढाई महीने पहले गैर मर्द के साथ भागी थी 3 बच्चों की मां
हरदोई पति पत्नी के बीच होने वाला झगड़ा हर घर में आम बात होती है, लेकिन अगर यहीं झगड़ा हिंसक रूप ले ले, तो कहा नहीं जा सकता. उत्तर प्रदेश के हरदोई में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद के दौरान पत्नी ने अपने पति पर उसकी नाक काटने का गंभीर आरोप लगाया है.
महिला का कहना है कि उसके सास-ससुर ने उसके हाथ पकड़ रखे थे और पति ने हमला कर नाक काट दी. दूसरी ओर, सास ने भी बहू पर बेटे के साथ मारपीट करने और उसके संवेदनशील अंग को दांत से काटने का आरोप लगाया है. दोनों पक्षों के आरोपों के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, मामला हरदोई के सांडी थाना इलाके के मुंशीगंज मोहल्ले का है. विवाद के दौरान महिला घायल हो गई. महिला का आरोप है कि उसके पति ने हमला करते हुए उसकी नाक काट दी और कटा हुआ हिस्सा नाली में फेंक दिया. उसने यह भी दावा किया कि घटना के वक्त उसके सास-ससुर ने उसके हाथ पकड़ रखे थे. घायल महिला को पहले सांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए हरदोई मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया.
तीन महीने बाद घर लौटने पर हुआ विवाद
सांडी थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज ने बताया कि महिला करीब तीन महीने तक किसी गैर मर्द के साथ कहीं चली गई थी. गुरुवार को जब वह वापस अपने घर आई तो पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया. इसी दौरान दोनों के बीच मारपीट हुई और पति पर पत्नी की नाक काटने का आरोप है.
SHO ने बताया कि घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
सास ने बहू पर लगाए अलग आरोप
वहीं आरोपी की मां यानी महिला की सास ने अपनी बहू पर अलग आरोप लगाए हैं. सास का कहना है कि बहू करीब ढाई महीने पहले मोहल्ले के एक युवक के साथ चली गई थी. इस मामले में दोनों परिवारों के बीच समझौता भी हुआ था.
सास के मुताबिक, घर लौटन के बाद वह अपने तीनों बच्चों को साथ ले जाने लगी. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा. उनका आरोप है कि झगड़े के दौरान बहू ने बेटे के संवेदनशील अंग को दांत से काट दिया.
अभी पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के मुताबिक, महिला की ओर से अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है, जबकि सास की शिकायत पुलिस को मिली है. फिलहाल पति को हिरासत में लेकर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है.
एक टिप्पणी भेजें