पति-पत्नी के विवाद में दोनों तरफ से गंभीर आरोप, पत्नी ने पति पर नाक काटने तो सास ने बहू पर पति के गुप्तांग में काटने का लगाया आरोप
हरदोई। सांडी कस्बे के मोहल्ला मुंशीगंज में घरेलू विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। विवाहिता ने अपने पति पर चाकू से नाक काटने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि विवाद के दौरान उसके सास-ससुर ने उसके हाथ पकड़ रखे थे। वहीं, दूसरी ओर आरोपी पति की मां ने बहू पर बेटे के गुप्तांग में दांत से काटकर घायल करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताया गया कि मोहल्ला मुंशीगंज निवासी कार चालक दीपक की शादी वर्ष 2016 में सुरसा थाना क्षेत्र निवासी साधना से हुई थी। दंपती की तीन बेटियां हैं। साधना ने आरोप लगाया कि बेटा न होने को लेकर ससुराल पक्ष के लोग उसे परेशान करते थे। महिला के अनुसार, गुरुवार शाम उससे मछली बनाने को कहा गया था। उसके इनकार करने के बाद विवाद बढ़ गया।
साधना का आरोप है कि शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे पति दीपक, सास और ससुर ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि सास-ससुर ने उसके हाथ पकड़ रखे थे और पति ने चाकू से उसकी नाक काट दी। घायल होने के बाद उसकी हालत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
इधर, दीपक की मां शशि ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बहू पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शशि के मुताबिक, साधना करीब डेढ़ महीने पहले एक युवक के साथ चली गई थी और गुरुवार शाम वापस लौटी थी। आरोप है कि विवाद के दौरान साधना ने दीपक के गुप्तांग में दांत से काटकर उसे घायल कर दिया। शशि ने यह भी आरोप लगाया कि साधना ने खुद अपना सिर चबूतरे पर पटककर चोट पहुंचाई।
पुलिस ने आरोपी पति का चालान किया, जांच जारी
थानाध्यक्ष पुष्पराज कुशवाहा के मुताबिक, मामले में आरोपी दीपक का चालान किया गया है। पुलिस के अनुसार, विवाहिता करीब डेढ़ महीने पहले रिश्ते में चाचा लगने वाले एक युवक के साथ चली गई थी और बाद में आपसी समझौते के बाद वापस आई थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि वापस आने के बाद साधना ने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया था।
पुलिस के मुताबिक, विवाहिता की ओर से अभी तक कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया है। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें