खेत से फावड़ा, फ्लैंच व लोहे का पाइप चोरी करने वाले को पुलिस ने किया गिरफ्तार

 खेत से फावड़ा, फ्लैंच व लोहे का पाइप चोरी करने वाले को पुलिस ने किया गिरफ्तार 



शाहजहांपुर। खुटार पुलिस ने खेत से सामान चोरी करने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपित के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया गया। उसके खिलाफ पहले से आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार 20 सितंबर को नरौठा हंसराम गांव निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि उसके खेत से एक फावड़ा, फ्लैंच और लोहे का पाइप चोरी कर लिया गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रामकिशोर पुत्र रामभजन और रामकिशन पुत्र रामबाबू निवासी नरौठा हंसराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। बताया गया कि वादी ने ही रामकिशोर को चोरी के सामान के साथ पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया था। पुलिस ने उसे दोपहर करीब 3:11 बजे हिरासत में लिया। आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक रामकिशोर के खिलाफ खुटार थाने में वर्ष 2021, 2022, 2024 और 2025 में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2008 में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज हुआ था। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सोहनलाल और हेड कांस्टेबल दिनेश सिंह यादव शामिल रहे।

Post a Comment

और नया पुराने