*
*रसोइयों का मानदेय हुआ 3 हजार, कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ**
शाहजहांपुर। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को सरकार ने बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के 3.54 लाख रसोइयों के लिए मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। इसका सीधा प्रसारण गांधी भवन सभागार में हुआ। जनपद स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना रहे।
सदर तहसील के भावलखेड़ा, ददरौल, मदनापुर और कांट विकासखंड से पहुंचे रसोइयों को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि संवेदनशील सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों की चिंता करती है। उन्होंने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के मानदेय में तीन हजार रुपये प्रतिमाह की वृद्धि की गई है। साथ ही उन्हें मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि रसोइयों के परिवार में दुर्घटना होने पर भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से दो लाख रुपये की सहायता का प्रावधान किया गया है। ड्रेस के लिए मिलने वाली धनराशि भी 500 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त और सुरक्षित बनाना है। ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए वित्त मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं को जनपद में प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना समेत अतिथियों ने प्राथमिक विद्यालय सुरतपुर की रसोइया राजकुमारी, गौहनिया की झुमका देवी, मौजमपुर की ओम श्री व सत्यवती, कंपोजिट विद्यालय ददरौल के श्रीराम, जलालनगर की नसीम बानो, अलीजई की नजमा देवी, कंपोजिट विद्यालय बलीपुर की शर्मा देवी व रूपरानी तथा भित्तियां पौंकी की मधुरिमा व रामदेवी को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड वितरित किए। वहीं प्राथमिक विद्यालय वाडूजई प्रथम की लक्ष्मी, रहमानिया जूनियर हाईस्कूल की रुखसाना, कंपोजिट विद्यालय कांट की रामगीता, रामरति व रामसुखी, प्राथमिक विद्यालय बबौरी के बच्चन सिंह और कंपोजिट विद्यालय नगरिया प्रयागपुर के ब्रह्मा कुमार सिंह को मानदेय वृद्धि के प्रतीकात्मक चेक दिए गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में पीएम पोषण योजना से 2,805 विद्यालय आच्छादित हैं, जिनमें 7,625 रसोइये कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि रसोइयों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा योजना से जोड़ना सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाता है।
कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय नगर तिलहर की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। स्काउट-गाइड पार्टी ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में सांसद अरुण कुमार सागर, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव समेत जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान जिला समन्वयक समेकित शिक्षा सोहन शुक्ला, जिला समन्वयक प्रशिक्षण रोहित सिंह, एमआईएस सचिन वर्मा, कंप्यूटर ऑपरेटर मोहम्मद आमिर, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मुनीश कुमार मिश्रा समेत शिक्षक, शिक्षामित्र, स्काउट-गाइड और विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में मध्याह्न भोजन सेल के मनोज कुमार ने अतिथियों और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों व उपस्थित लोगों का आभार जताया।
Suresh Kumar Khanna
DM Shahjahanpur

एक टिप्पणी भेजें