*जमीन पर कब्जे के विवाद में मारपीट और धमकी का आरोप, डीएम से कार्रवाई की मांग*
शाहजहांपुर। थाना मीरानपुर कटरा क्षेत्र में जमीन पर कथित कब्जे को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। कस्बा व थाना मीरानपुर कटरा निवासी प्रशांत गुप्ता पुत्र सुधीर कुमार गुप्ता ने जिलाधिकारी शाहजहांपुर को प्रार्थना पत्र देकर कुछ लोगों पर जमीन पर कब्जे का प्रयास, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, प्रशांत गुप्ता की आराजी गाटा संख्या 1969 ग्राम कटरा अंदर चुंगी, जलालाबाद रोड पर स्थित है। आरोप है कि नरेंद्र कुमार गुप्ता पुत्र स्व. राधेश्याम गुप्ता, सुरेंद्र प्रकाश गुप्ता पुत्र स्व. हनुमान दास, विश्वनाथ त्रिपाठी पुत्र श्रीराम, सूरज कश्यप पुत्र मथुरा प्रसाद, आकाश कश्यप व बंटी कश्यप पुत्रगण सूरज कश्यप सहित अन्य लोगों द्वारा उक्त जमीन पर कथित रूप से कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था।
शिकायतकर्ता का कहना है कि मामले की शिकायत थाना कटरा और एसडीएम तिलहर से की गई थी। उसके अनुसार, 6 अगस्त 2026 को एसडीएम तिलहर की ओर से आश्वासन दिया गया था कि अगले दिन से विवादित स्थान पर निर्माण या घेराबंदी का कार्य नहीं किया जाएगा। आरोप है कि इसके बावजूद 7 अगस्त को संबंधित लोगों ने दोबारा जमीन की घेराबंदी शुरू कर दी।
प्रार्थना पत्र के मुताबिक, मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को बातचीत के लिए थाना कटरा बुलाया। आरोप है कि इसी दौरान पीछे से विवादित स्थान पर दोबारा काम शुरू कर दिया गया। सूचना मिलने पर प्रशांत गुप्ता और उनके सहयोगी मौके पर पहुंचे, जहां शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उनके साथ लाठी-डंडों और फावड़े से मारपीट की गई।
शिकायतकर्ता ने नरेंद्र कुमार गुप्ता पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि उसे और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
प्रशांत गुप्ता के अनुसार, इस संबंध में 7 अगस्त 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक, थाना मीरानपुर कटरा को भी प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। अब शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराकर आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें