सिगरेट के विवाद में भाजपा नेता की हत्या, लखनऊ में ईंट-पत्थर से पीटकर मार डाला

0 India100news


 सिगरेट के विवाद में भाजपा नेता की हत्या, लखनऊ में ईंट-पत्थर से पीटकर मार डाला 


लखनऊ। अयोध्या के भाजपा युवा मोर्चा जिला कमेटी सदस्य शिवम सिंह की लखनऊ में हत्या कर दी गई। पार्टी करने आए शिवम का जलवा क्लब के बाहर सिगरेट को लेकर कुछ युवकों से विवाद हो गया था। आरोप है कि युवकों ने ईंट-पत्थर से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। विभूतिखंड पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। अयोध्या के थाना रौनाही क्षेत्र के रामनगर धौरहरा निवासी 28 वर्षीय शिवम सिंह अपने दोस्तों निलेश और जीशान के साथ लखनऊ आए थे। रविवार देर रात जलवा क्लब के बाहर सिगरेट पीने के दौरान बाइक सवार युवकों ने उनसे सिगरेट मांगी। शिवम ने एक सिगरेट दे दी, लेकिन दोबारा मांगने पर कहासुनी हो गई। बताया गया कि विवाद के बाद दोनों पक्ष वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद कठौता झील के पास हमलावर फिर पहुंच गए। आरोपियों ने शिवम और उनके दोस्तों पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इसी दौरान एक ईंट शिवम के सिर पर लगी, जिससे वह बेसुध होकर गिर पड़े। साथी वहां से भाग निकले। करीब आधे घंटे बाद राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस शिवम को लोहिया अस्पताल लेकर पहुंची, जहां से उन्हें गोमतीनगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई सौरभ सिंह ने विभूतिखंड थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। सौरभ का आरोप है कि हमलावरों ने शिवम की बेरहमी से पिटाई की और ईंट-पत्थर मारकर हत्या कर दी। इंस्पेक्टर अमर सिंह के मुताबिक, पुलिस क्लब और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एक आरोपी की पहचान कर ली गई है और जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.