पत्नी की शिकायत पर ससुरालियों पर दहेज बलात्कार व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
शाहजहांपुर।सदर बाजार थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली में दहेज प्रताड़ना,बलात्कार, मानसिक उत्पीड़न और धोखाधड़ी सहित संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उसके ससुराल वालों ने जबरन तलाकनामा पर हस्ताक्षर कराकर उसके साथ विश्वासघात किया और पति ने दूसरी शादी भी कर ली। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका निकाह 25 मार्च 2022 को सरताज अहमद खान निवासी सिंजई, थाना कोतवाली क्षेत्र से मुस्लिम रीति-रिवाज के तहत हुआ था। निकाह में पीड़िता के पिता ने करीब 35 लाख रुपये खर्च किए थे। बावजूद इसके ससुराल पक्ष के लोगपति सरताज अहमद, ससुर अहमद खान, सास अकीला, देवर अफाक अहमद, सोनू, इमरान अहमद और ननद रीना व रेहान इससे संतुष्ट नहीं थे और अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। आरोप है कि ससुराल वाले मकान दिलाने का दबाव बनाने लगे। जब पीड़िता के पिता ने इस पर असमर्थता जताई, तो 11 मई 2022 को पीड़िता के साथ मारपीट की गई और उसे धोखे से सादे कागज पर समझौता बताकर तलाकनामे पर हस्ताक्षर करवा लिए गए। बाद में पति ने फिजा नामक महिला से दूसरा निकाह कर लिया। इतना ही नहीं, पीड़िता ने आरोप लगाया कि एक दिन घर में कपड़े प्रेस करते समय उसके देवर सोनू ने जबरन पकड़कर उसके साथ बलात्कार किया। जब इसकी शिकायत पीड़िता के पिता ने ससुराल में की, तो उल्टा वे लोग धमकाने लगे। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति सरताज अहमद खान, ससुर, सास, देवरों, ननदों व अन्य पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।